दो किशोर संदिग्ध परिस्थिति में लापता
धौलाना। पिपलैडा के एक कॉलोनी में रहने वाले दो किशोर संदिग्ध परिस्थिति में लापता हो गए। परिजनों द्वारा विभिन्न स्थानों पर खोजने के बाद भी दोनों मासूमों का कहीं सुराग नहीं लग सका है। पुलिस ने पीड़ित परिवार की तहरीर पर मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पिपलैडा स्थित मुगल गार्डन कॉलोनी निवासी शब्बीर अहमद व इरफान ने पुलिस को बताया कि उनके पुत्र आयान सैफी और अरमान लापता हो गए। दोनों की काफी तलाश की, लेकिन कुछ पता नहीं चल सका। परिजनों ने बताया कि दोनों बच्चे दोस्त है और साथ में खेलते हैं। परिजनों ने अनहोनी की आशंका जताते हुए तहरीर दी है। पुलिस ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी निरीक्षक राजपाल सिंह तोमर ने बताया कि एक ही कॉलोनी में रहने वाले दोनो किशोरों के लिए टीम गठित कर तलाश शुरू कर दी है।