सड़क हादसों में दो घायल, अस्पताल में भर्ती
पिलखुवा। हाईवे पर अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में दो युवक घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हापुड़ निवासी रोहित किसी काम से बाइक पर सवार होकर बृहस्पतिवार को मसूरी जा रहा था। रास्ते में डूहरी पेट्रोल पंप के पास यू-टर्न पर ऑटो को बचाने के चक्कर में उसकी बाइक फिसल गई। जिससे वह सड़क पर गिरकर घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ एकत्र हो गई, जिन्होंने उसे अस्पताल में भर्ती कराया। दूसरा हादसा धौलाना रोड पर गांव खेड़ा के पास हुआ। गाजियाबाद के भोजपुर निवासी सलीम बृहस्पतिवार को किसी काम से धौलाना जा रहा था। रास्ते में गांव खेड़ा के पास उसकी बाइक को कार ने साइड मार दी। जिससे वह सड़क पर गिरकर घायल हो गया। हादसे के बाद चालक कार को लेकर मौके से फरार हो गया।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक नरेश कुमार सिंह ने बताया कि इस संबंध में अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।