प्रदेश के विकास में हापुड़ अगली पंक्ति में शामिल: नरेंद्र कश्यप
हापुड़। डिस्ट्रिक्ट इन्वेस्टर्स समिट के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार में राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार नरेंद्र कश्यप ने कहा कि हापुड़ जैसे छोटे जनपद में 23 हजार करोड़ के एमओयू पर हस्ताक्षर होना बड़ी बात है। उत्तर प्रदेश के विकास के मामले में हापुड़ अग्रणी पंक्ति में शामिल हो रहा है।
इससे पहले उन्होंने क्षेत्रीय सांसद राजेंद्र अग्रवाल, विधायक विजयपाल सिंह, विधायक धौलाना धर्मेश तोमर, जिलाध्यक्ष उमेश राणा के साथ फीता काटकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार में उत्तर प्रदेश को एक ट्रिलियन डॉलर इकॉनोमी बनाने का सपना देखा गया है। इसी के तहत ग्लोबल इंवेस्टर्स समिट का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें देश-विदेश के निवेशक रूचि ले रहे है।
सांसद राजेंद्र अग्रवाल ने कहा कि उद्योग लगाने के लिए सरकार हर सुविधा दे रही है। उद्यमियों की सुरक्षा के लिए आज उत्तर प्रदेश सरकार तत्पर है। इसी का नतीजा है कि उत्तर प्रदेश औद्योगिक क्षेत्र के रूप में तेजी से आगे बढ़ रहा है। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष रेखा नागर, सीडीओ प्रेरणा सिंह, एडीएम श्रद्धा शांडिल्यायन, उपायुक्त उद्योग शैलेंद्र सिंह, डीडीओ देवेंद्र प्रताप, परियोजना अधिकारी इला प्रकाश आदि मौजूद रहे।