इन्वेस्टर्स समिट के लिए 206 निवेशकों को भेजा आमंत्रण
हापुड़। जिले में प्रस्तावित ग्लोबल इंवेस्टर्स समिट के आयोजन की तैयारियां तेज हो गई हैं। जिले में समिट का आयोजन 24 जनवरी को दिल्ली रोड स्थित प्रकाश रिजेंसी में प्रस्तावित है। स्थानीय स्तर पर होने वाले इस समिट में 206 निवशकों को आमंत्रित किया गया है। साथ ही विभागों को भी आमंत्रित किया जा रहा है। यहां पर एमओयू साइन किए जाएंगे, जिसके बाद फरवरी में लखनऊ में होने वाले समिट में उसी एमओयू को भेजा जाएगा।
ग्लोबल इंवेस्टर्स समिट के लिए यूपीएसआईडीसी में लगातार बैठक हो रही है जिसमें निवशकों को जिले में निवेश करने के लिए आमंत्रित किया जा रहा है। वहीं, इसी संबंध में बुधवार को जिला मुख्यालय में जिलाधिकारी मेधा रूपम ने अधिकारियों के साथ बैठक की है। बैठक में डीएम मेधा रूपम ने उपायुक्त उद्योग शैलेंद्र सिंह से निवशकों के साथ बैठकें करने के लिए निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि सीडीओ से समन्वय स्थापित कर कार्यक्रम को सुचारू रूप से संपन्न कराएं और जिले में औद्योगिक से संबंधित कार्यों को उच्च स्तर पर लाया जाए।
24 जनवरी को प्रस्तावित समिट के लिए बैंकर्स, सभी व्यापार संगठन, उद्यमियों को आमंत्रण दिए जा रहे हैं। बैठक में एचपीडीए, सीएफओ, असिस्टेंट लेबर कमिश्नर, ऊर्जा निगम के अधिशासी अभियंता, उप कृषि अधिकारी, डीएचओ, को पीपीटी तैयार करने के निर्देश दिए हैं।