ट्रक ड्राइवर की हत्या का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार
हापुड़। बाबूगढ़ पुलिस ने डेढ़ महीने पहले हुई ट्रक चालक सुरेश की हत्या का खुलासा किया है। ट्रक में लिफ्ट लेकर एक युवक ने नींद में चालक की हत्या की थी। पुलिस ने आरोपी से लूटा गया मोबाइल फोन और हत्या में प्रयुक्त हथौड़ा बरामद किया गया है।
थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद पांडेय ने बताया कि बछलौता नया बाईपास पर एक ट्रक में अज्ञात व्यक्ति का शव एक दिसंबर को मिला था। मृतक की शिनाख्त राजस्थान निवासी सुरेश कुमार के रूप में हुई थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी थी। इस संबंध में मृतक के भाई ने मुकदमा दर्ज कराया था।
थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस टीम को सूचना मिली की हत्याकांड का आरोपी छिजारसी टोल के पास से कहीं जाने के लिए खड़ा है। इस सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, जिसे देख आरोपी ने भागने का प्रयास किया। घेराबंदी कर पुलिस ने ग्राम निडौरी जनपद गाजियाबाद निवासी अमन को गिरफ्तार कर लिया।
थाना प्रभारी ने बताया कि पूछताछ करने पर आरोपी ने बताया कि वह सुरेश के ट्रक में लिफ्ट लेकर मुरादाबाद के लिए सवार हुआ था। इस बीच उसे नींद आ गई। सुरेश भी ट्रक रोककर सो गया। ट्रक में रखे सामान को चोरी करने के लिए उसने हथौड़े से सुरेश पर वार कर दिया और फरार हो गया था। जिससे सुरेश की मौत हो गई थी।