अब सुन और बोल सकेगा मुआविया, स्वास्थ्य विभाग कराएगा सर्जरी
हापुड़। फूलगढ़ी में बोरवेल में गिरने वाला मुआविया जल्द ही सुन और बोल भी सकेगा। राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य मिशन (आरबीएसके) द्वारा बच्ची की सर्जरी कराएगी जाएगी, कानपुर में सर्जरी में लगभग आठ लाख रुपये खर्च होंगे, जिसे विभाग ही वहन करेगा। बच्चे की ईएनटी सर्जन ने भी जांच की है, बृहस्पतिवार को भी मासूम सीएचसी में ही भर्ती रहा। सीटी स्कैन की रिपोर्ट सामान्य आई है।
फूलगढ़ी निवासी मोहसिन का चार वर्षीय मूकबधिर बच्चा मुआविया घर के पास ही बंद पड़े नलकूप के खुले बोरवेल में गिर गया था। करीब साढ़े पांच घंटे तक वह बोरवेल में फंसा रहा। पुलिस प्रशासन और एनडीआरएफ की टीम ने बच्चे को सकुशल निकाला था, जो तीन दिन से अब गढ़ रोड स्थित सीएचसी में ही भर्ती है।
सीएचसी अधीक्षक डॉ. दिनेश खत्री ने बताया कि बच्चे की हालत अब पहले से बेहतर है। गुम चोट और खरोंच आने से बच्चे को बुखार है। वार्ड में तापमान नियंत्रित रखने के लिए हीटर भी लगवाया गया है। सीटी स्कैन की रिपोर्ट भी सामान्य आई है। दवा देने के बाद बुखार उतर भी रहा है।
सीएमओ डॉ. सुनील त्यागी ने बताया कि बच्चे को आरबीएसके के सुपुर्द किया गया है। राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य मिशन की टीम ने बच्चे की सभी रिपोर्ट तलब कर ली हैं, बच्चे की कर्णावत प्रत्यारोपण सर्जरी को भी मंजूरी मिल गई है। इस सर्जरी का खर्च करीब आठ लाख रुपये तक आता है, आरबीएसके के तहत ही कानपुर में सर्जरी कराई जाएगी। इसके बाद बच्चा आसानी से सुनने लगेगा और बोल भी सकता है। बुखार उतारने के लिए भी बच्चे की दवाएं चल रही हैं, मुआविया की एक्टिविटी अब ठीक है, वह खेलकूद के साथ दूध भी पी रहा है।