मुआविया को रात भर रहा बुखार, चोट लगने से कोहनी में आई सूजन
हापुड़। बोरवेल में गिरा मुआविया अस्पताल में चिकित्सकों की निगरानी में रहा। रातभर उसे बुखार रहा, हर चार घंटे के अंतराल पर बच्चे को दवा दी गई। उसकी कोहनी और ऐडी में सूजन के बाद एक्सरे कराया गया। लेकिन स्थिति स्पष्ट नहीं होने पर शाम को सिर और हाथ, पैर का सीटी स्कैन भी कराया गया। पूरे शरीर में खरोंच आने से बच्चा दर्द से कराहता रहा। बोरवेल में दहशत में करीब साढ़े पांच घंटे बिताने के बाद बच्चा दहशत में रहा और रात भर अपनी मां की गोद में गुजारी।
फूलगढ़ी निवासी मोहसिन का चार वर्षीय मूकबधिर मुआविया घर के पास ही बंद पड़े नलकूप के खुले बोरवेल में गिर गया था। स्थानीय पुलिस प्रशासन और गाजियाबाद एनडीआरएफ की टीम ने करीब साढ़े पांच घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला। जिसके बाद से बच्चा गढ़ रोड स्थित सीएचसी में भर्ती है।
सीएचसी अधीक्षक डॉ. दिनेश खत्री ने बताया कि रात के समय ही बच्चे का एक्सरे कराया गया था, जिसमें सब कुछ ठीक ही मिला। हड्डी रोग विशेषज्ञ ने भी रिपोर्ट का जायजा लिया है। हालांकि उसकी कोहनी में सूजन बनी हुई है, जिसके चलते बच्चे के सिर व हाथ, पैर का सीटी स्कैन भी करा दिया गया है। दवाओं के बाद से बुखार नहीं आया है, बच्चे की हालत अब सामान्य लग रही है। उन्होंने बताया कि बच्चे की सारी जांच कराने के बाद रिपोर्ट विशेषज्ञ चिकित्सकों को दिखाई जाएगी, इसके बाद ही उसे घर भेजा जाएगा। सीएमओ डॉ. सुनील त्यागी ने भी बच्चे का हालचाल जाना।
बच्चे की हालत सामान्य
बच्चे की हालत अब सामान्य है, एक्सरे जांच की रिपोर्ट में भी कोई अंदरूनी चोट नहीं मिली है। बच्चा दूध भी पी रहा है, चिकित्सकों को निगरानी के सख्त आदेश दिए गए हैं।--डॉ.सुनील त्यागी, सीएमओ।
फूलगढ़ी में बोरवेल में गिरे बच्चे के घर पहुंचे रालोद कार्यकर्ता।- फोटो : HAPUR