ब्रांडेड कंपनी के नाम से नकली शर्ट बेचने का भंडाफोड़
हापुड़। नामचीन कंपनियों के लेबल लगाकर हापुड़ में शर्ट बेची जा रही थीं। कंपनियों के अधिकारियों ने पुलिस के साथ जैन लोक स्थित एक मकान पर छापा मारकर यहां से बड़ी मात्रा में शर्ट बरामद की हैं। पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
कंपनी के अधिकारी सोमित सिंह ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से हापुड़ क्षेत्र में उनकी कंपनी के नाम पर नकली शर्ट बेचे जाने की शिकायत मिल रही थी। जिसकी कंपनी द्वारा अपने स्तर पर जांच कराई गई। इसके बाद पता चला कि नगर के जैन लोक कॉलोनी में कुछ लोग उनके अलावा चार नामचीन कंपनियों के लेबल लगाकर नकली शर्ट बनाकर बेच रहे हैं। इसके बाद उन्होंने नगर कोतवाली पुलिस से संपर्क साधा। बुधवार को पुलिस के साथ कंपनी के अधिकृत अधिकारी मौके पर पहुंचे। तलाशी के दौरान कंपनी के विभिन्न ब्रांड की बड़ी मात्रा में शर्ट बरामद हुई हैं। आरोपी नकली शर्ट की ऑनलाइन बिक्री कर रहे थे। मौके से सैकड़ों की संख्या में शर्ट के अलावा एक लैपटॉप, प्रिंटर, मोबाइल फोन, चेक बुक, लेजर बुक, कैश मीमो आदि बरामद हुए हैं।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक संजय पांडेय ने बताया कि आतिफ, आकाश और शाहिर खान के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। इन्होंने बताया कि पंजाब के लुधियाना से माल लाकर ये लोग यहां बेच रहे थे।