पटाखा फैक्टरी में हुए विस्फोट मामले में यूपीसीडा के क्षेत्रीय प्रबंधक निलंबित
हापुड़। धौलाना यूपीएसआईडीसी क्षेत्र स्थित अवैध पटाखा फैक्टरी में चार जून 2022 को हुए भीषण विस्फोट के मामले में शासन की तरफ से पांच माह बाद कार्रवाई की गई है। शासन के अनु सचिव ने यूपीसीडा के क्षेत्रीय प्रबंधक राकेश झा को निलंबित कर दिया है। हादसे में कुल 17 श्रमिकों की मौत हो गई थी, जबकि कई बुरी तरह झुलस गए थे।
धौलाना औद्योगिक क्षेत्र स्थित रूही इंडस्ट्रीज में दोपहर तीन बजे यह भीषण विस्फोट हुआ था। जिसमें उसी दिन 13 श्रमिकों की मौत हो गई थी और 20 श्रमिक झुलस गए थे। जबकि चार अन्य की उपचार के दौरान मौत हो गई थी। फैक्टरी में खिलौना पिस्तौल में प्रयोग की जाने वाली गोलियां का निर्माण किया जा रहा था। जबकि फैक्टरी इलेक्ट्रिॉनिक सामान बनाने के लिए रजिस्टर्ड थी। इस मामले में फैक्टरी के मालिक दिलशाद और संचालक वसीम के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई थी। पुलिस ने बाद में दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था।
डीएम मेधा रूपम ने इस मामले में विभिन्न विभागों के अधिकारियों की एक टीम क्षेत्र की दूसरी फैक्टरियों की जांच के लिए गठित की थी। जबकि एडीएम श्रद्धा शांडिल्यायन को जांच के आदेश दिए थे। एडीएम ने 15 दिन जांच के बाद अपनी रिपोर्ट डीएम और इसके बाद शासन को भेजी गई थी। जिसके आधार पर अब पांच महीने बाद कार्रवाई हुई है। जारी आदेशों में शासन के अनु सचिव रजनी कांत पांडेय ने उत्तर प्रदेश औद्योगिक विकास प्राधिकरण के क्षेत्रीय प्रबंधक राकेश झा को निलंबित करते हुए कानपुर मुख्यालय से संबद्ध किया गया है। इस पूरे मामले में उनकी लापरवाही उजागर हुई है।
एडीएम श्रद्धा शांडिल्यायन ने बताया कि जांच के बाद उन्होंने अपनी रिपोर्ट शासन को प्रेषित कर दी थी। जिसमें कुछ अधिकारियों की लापरवाही सामने आई थी। फिलहाल उन्हें इस कार्रवाई की जानकारी नहीं है।