जांच में सात मरीजों में डेंगू की पुष्टि, 11 स्थानों पर मिला लार्वा
हापुड़। औरंगाबाद गांव में स्वास्थ्य विभाग की रेपिड जांच में सात मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई है, इनके नमूने एलाइजा टेस्ट के लिए सरकारी लैब भेजे गए हैं। 11 स्थानों पर डेंगू का लार्वा भी मिला है, जिसे नष्ट करा दिया गया है। तीन दिन के शिविर में 450 मरीजों को दवाएं देने के साथ ही 150 के रक्त के नमूने लिए हैं, जिसमें 22 से ज्यादा में टाइफॉयड की पुष्टि हुई है। डीपीआरओ, एसीएमओ ने गांव का निरीक्षण कर, मरीजों का हाल जाना और साफ सफाई के कड़े निर्देश दिए।
गांव में पांच लोगों की मौत के बाद से स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन मुस्तैद हैं। परिजनों ने बुखार से मौत का दावा किया था, इस पर सोमवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने एसीएमओ डॉ. जेपी त्यागी के नेतृत्व में जांच की गई। उन्होंने बताया कि 150 मरीजों के रक्त की जांच में सात मरीजों का रेपिड टेस्ट डेंगू पॉजिटिव आया है। इन मरीजों का इलाज चल रहा है, नमूने रेपिड टेस्ट के लिए सरकारी लैब भेजे गए हैं। गांव में टाइफॉयड का असर अधिक है, वायरल बुखार भी हर घर में मिला है। वहीं डीपीआरओ विरेंद्र सिंह ने गांव पहुंचकर साफ सफाई की स्थिति को बेहतर करने के निर्देश दिए। ग्राम प्रधान हंसराज सिंह ने गांव में फैल रहे बुखार के बारे में बताया। इस दौरान गांव में साफ सफाई के साथ साथ एंटी लार्वा का भी स्प्रे किया गया।
डेंगू का प्रकोप बढ़ा, 45 पहुंची संख्या
जिले में डेंगू का प्रकोप बढ़ा है, सोमवार तक डेंगू के मरीजों की संख्या बढ़कर 45 पहुंच गई है। इन मरीजों का एलाइजा टेस्ट पॉजिटिव मिला है। इसके अलावा एनएस वन पॉजिटिव वाले मरीजों की संख्या इससे कहीं अधिक है।
औरंगाबाद में चल रहा है शिविर
औरंगाबाद में रोजाना कैंप लगवाया जा रहा है, मरीजों को उपचार देने के साथ ही उनके ब्लड का सैंपल भी लिया जा रहा है। एंटी लार्वा का फॉगिंग कराया जा रहा है। चिकित्सकों को कड़े निर्देश दिए गए हैं। - डॉ. सुनील कुमार, सीएमओ।