400केवी लाइन का गिरा टावर, दो महीने पिछड़ा बिजलीघर का काम
हापुड़। सिंभावली के सिकंदरपुर में निर्माणाधीन 400केवी क्षमता का बिजलीघर अब दो महीने की देरी से चालू होगा। मुरादपुर निजामसर में 400केवी लाइन के टावर से कंडक्टर चोरी के दौरान पूरा टावर ही गिर गया। इससे ऊर्जा की बड़ी परियोजना प्रभावित हो गई है, मुख्य बात यह है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इस परियोजना को लेकर कई बार दिशा निर्देश दे चुके हैं।
सिकंदरपुर के 400केवी क्षमता के बिजलीघर से कई जिलों में विद्युत लाइनों का नेटवर्क बिछाया जाना है। बड़े टावरों के जरिए एक लाइन मुरादनगर से सिंभावली और यहां से मेरठ के किला परीक्षितगढ़ में बनाए जा रहे 765 केवी क्षमता के बिजलीघर तक जा रही है, दूसरी लाइन सिंभावली से सीधे मेरठ जा रही है।
हापुड़ में औद्योगिक क्षेत्र समेत मेरठ के बड़े बिजलीघरों की आधारशिला सिंभावली के सिकंदरपुर बिजलीघर पर ही टिकी है। बुधवार रात में कीमती कंडक्टर चुराने के लिए चोर मुरादपुर निजामसर के जंगल में किसान अंगद शर्मा के खेत में स्थित टावर पर चढ़ गए, उन्होंने कंडक्टर को निकाल लिया। इसी दौरान पूरा टावर भर भराकर नीचे गिर गया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस परियोजना को 15 दिसंबर तक चालू कराने के आदेश दिए थे। इसी दिशा में तेजी से काम चल रहा था। एक महीने के अंदर बिजलीघर को चार्ज करने की योजना थी, लेकिन टावर के गिरने से काफी दूरी तक लाइन क्षतिग्रस्त हो गई है। जिसे अब फिर से खड़ा कर, लाइन को चार्ज करने में दो महीने का समय लग जाएगा।
बता दें कि इससे पहले भी गाजियाबाद जिले की सीमा में किसी विवाद के चलते लाइन का कार्य पिछड़ रहा था। हालांकि उस विवाद को निपटा लिया गया है। लेकिन टावर गिरने से न सिर्फ सिकंदरपुर के बिजलीघर को चालू होने में दो महीने अतिरिक्त लगेंगे, दूसरे अन्य निर्माणाधीन बिजलीघर भी प्रभावित होंगे। हापुड़ के बदनौली में बने 765 केवी बिजलीघर से भी इसे लिंक किया जाना था।
कोट-
टावर पर चढ़कर कंडक्टर चोरी का प्रयास किया गया है, जिस कारण पूरा टावर गिर गया है। 15 दिसंबर तक इस लाइन को चार्ज किया जाना था। टावर गिरने से यह कार्य प्रभावित हुआ है, सीएम योगी की प्राथमिकता में यह परियोजना है। - ए.के रॉय, पावर ग्रिड।