मेले में भैंसा बुग्गी लेकर जाएंगे भाकियू कार्यकर्ता
हापुड़। गढ़ गंगा मेले में भैंसा बुग्गी पर रोक के आदेश के विरोध में भाकियू कार्यकर्ताओं ने जिला कार्यालय पर पंचायत कर, आदेश को वापस लेने की मांग उठाई। साथ ही मेले में कार्यकर्ताओं ने भैंसा बुग्गी ले जाने का भी एलान किया। दो दिन बाद इस मामले में डीएम को ज्ञापन सौंपने पर सहमति बनी, इसके अलावा ट्रैक्टर ट्रॉली को रोके जाने पर भी आंदोलन की चेतावनी दी।
पंचायत की अध्यक्षता चौधरी किरणपाल सिंह व संचालन जिला संरक्षण अरमेंद्र सिंह ने किया। युवा जिलाध्यक्ष ज्ञानेश्वर त्यागी ने कहा कि गढ़ गंगा मेले में सदियों से श्रद्धालु भैंसा बुग्गी के जरिए ही आते हैं। मेले की रौनक को भैंसा बुग्गी बढ़ाते हैं, लेकिन इस परंपरा पर जिला प्रशासन रोक लगाना चाहता है। लंपी रोग मवेसियों में नहीं है, ऐसे में भैंसा बुग्गी पर रोक लगाया जाना उचित नहीं है।
मंडल प्रवक्ता दिनेश त्यागी व मंडल मीडिया प्रभारी जीते चौहान ने कहा कि जिला प्रशासन यदि भैंसा बुग्गी पर रोक के आदेश को वापस नहीं लेता है तो श्रद्धालुओं के साथ जिले से भाकियू कार्यकर्ता भैंसा बुग्गी लेकर मेला स्थल में पहुंचेंगे।
उन्होंने कहा कि ट्रैक्टर ट्रॉली पर भी पाबंदी लगायी जा रही है, गांव के लोग इन्हीं सवारियों से अक्सर मेले में पहुंचते हैं। जिला प्रशासन की ये पाबंदियों स्वीकार करने योग्य नहीं हैं। दो दिन बाद डीएम को ज्ञापन सौंपा जाएगा, इसमें आदेश को वापस लेने की मांग उठाई जाएगी। यदि मांग पूरी नहीं होती है तो आंदोलन किया जाएगा।
पंचायत में अनिल कुमार, सुनील कुमार, बबली सिंह, ललित त्यागी, सुंदर, विकल नागर, दिनेश, राजीव त्यागी, नितेश त्यागी, निशांत त्यागी, अनुज चौहान, भूरे चौहान, कपिल चौहान, सुशील, सुनील, देवेंद्र त्यागी, जल सिंह, डॉ.जितेंद्र मलिक, प्रदीप त्यागी, बलराम सिंह, रोहित, कुलदीप आदि मौजूद रहे।