बरसात से जिले की 150 सड़कें गड्ढों में तब्दील, मुश्किल हुई डगर
हापुड़। बरसात के बाद जिले की 150 सड़कें गड्ढों में तब्दील हो गई हैं। ऐसे में दो पहिया, चार पहिया समेत पैदल चलने वाले लोगों की डगर मुश्किल हो गई है। सड़कों को गड्ढा मुक्त करने के लिए पीडब्ल्यूडी को भारी भरकम बजट की आवश्यकता है। लेकिन, अभी तक केवल सड़कों की मरम्मत के लिए 11.77 करोड़ रुपये का बजट जारी किया गया है। वहीं, मुख्यमंत्री ने 15 नवंबर तक सड़कों को गड्ढा मुक्त करने के लिए आदेश जारी कर दिए हैं। ऐसे में बजट की कमी सड़कों की मरम्मत में रोड़ा बन सकती है।
बारिश के बाद शहर से लेकर गांवों की अधिकांश सड़कें ऐसी हो गई हैं कि उन पर चलना जोखिम भरा हो गया है। आए दिन सड़कों पर लोग दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं। लेकिन, पर्याप्त बजट न होने के कारण लोक निर्माण विभाग सड़कों की मरम्मत नहीं करा पा रहा हैं। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने हाल ही में जिले की 150 सड़कों की विशेष मरम्मत कराने के लिए 14.27 करोड़ रुपये का प्रस्ताव शासन को भेजा था। लेकिन, शासन से केवल 7.77 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं वहीं 6.50 करोड़ रुपये का बजट अभी तक जारी नहीं किया गया है। इसके अलावा 16 सड़कों की विशेष मरम्मत के लिए चार करोड़ का बजट भी भेजा गया है।
सीन नंबर एक (फोटो संख्या - 07)
गड्ढों में गुम हुई सड़क
हापुड़-जरोठी मार्ग करीब 15 गांवों को जोड़ता है। इस मार्ग पर कई बड़ी औद्योगिक इकाइयां भी हैं। लेकिन, यह सड़क पिछले करीब चार साल से गड्ढों में गुम है। प्रतिदिन इस सड़क पर हादसे भी होते रहते हैं। लोगों ने इसकी शिकायत भी की है। लेकिन, अभी तक सड़क की मरम्मत नहीं हो सकी है।
सीन नंबर दो (फोटो संख्या - 09)
गोंदी सिलाई की सड़क में गहरे गड्ढे
गोंदी-सिलाई मार्ग पर लोगों का चलना मुश्किल हो गया है। जगह-जगह गहरे गड्ढे हुए पड़े हैं। लंबे समय से सड़क का निर्माण न होने के कारण लोगों में रोष भी व्याप्त है। इस मार्ग पर प्रतिदिन हकरीब पांच से छह हजार लोगों को समस्या का सामना करना पड़ता है।
सीन नंबर तीन (फोटो संख्या - 08)
सड़क का निर्माण कराना भूल गए अधिकारी
बुलंदशहर-मेरठ मार्ग पर हाल ही में जल निगम द्वारा सीवर लाइन डालने का कार्य किया गया था। इस कारण सड़क को क्षतिग्रस्त कर दिया गया था। लेकिन, क्षतिग्रस्त करने के बाद जल निगम के अधिकारी इस सड़क का मरम्मत कराना भूल गए। सड़क पर उड़ती धूल लोगों के सेहत के लिए खतरा बन गई है।
चार करोड़ रुपये से गड्ढामुक्त होंगी ये सड़कें
इन सड़कों में गढ़ के अल्लाबख्शपुर, भगवंतपुर मार्ग, मसूरी धौलाना गुलावठी मार्ग, खिचरा से हसनपुर मार्ग, बनखंडा से हाजीपुर मार्ग, एनएच-9 से बागड़पुर मार्ग, कुचेसर रोड चौपला से श्यामपुर, किठौर मार्ग, बाबूगढ़ बीबी नगर मवाना हापुढ़ किठौर मार्ग, डिबाई ब्रिज रजपुरा मार्ग, सिखेड़ा से पीरनगर दतियाना मार्ग, सिंभावली रजापुर से मुबारिकपुर कनिया कल्याणपुर मार्ग, मुरादफरा श्यामपुर जट्ट से नानपुर डिबाई व हरौड़ा से बंगोली हाजीपुर मार्ग शामिल हैं। सड़कों के बनने से करीब 40 गांवों के लोगों को लाभ मिलेगा।
जल्द कराई जाएगी मरम्मत
बरसात का दौर अब समाप्त होने को है। सड़कों की मरम्मत का वृहद अभियान शुरू होगा। जल्द ही तमाम सड़कों की मरम्मत बेहतर ढंग से कराई जाएगी। इसके बाद संबंधित क्षेत्र के निवासियों व अन्य यात्रियों को आवागमन में आसानी होगी। - योगेश कौशिक, अधिशासी अभियंता, पीडब्ल्यूडी
गांव जरौठी रोड पर सड़क में हुए गड़ढे। संवाद- फोटो : HAPUR
गांव गौंदी सलाई को जाने वाली सड़क में हुए गड़ढे। संवाद- फोटो : HAPUR