शादी से इनकार करने पर तेजाब फेंकने की दी धमकी
हापुड़। कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत एक मोहल्ला निवासी युवती ने युवक और उसके दोस्तों पर प्रताड़ित करने के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया है। युवती का आरोप है कि शादी से इनकार करने पर आरोपी ने उसके फोटो खींचकर सोशल मीडिया पर डाल दिए और चेहरे पर तेजाब फेंकने की भी धमकी दी।
पीड़िता ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि मोहल्ले का ही एक युवक उसे काफी समय से परेशान कर रहा था। आते-जाते आरोपी और उसके दोस्तों ने उसके मोबाइल फोन से फोटो खींच लिए। शादी करने का दबाव बनाया गया और फोटो सोशल मीडिया पर अपलोड करने के लिए ब्लैकमेल किया। इनकार करने पर कुछ दिन पहले उसके फोटो को सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया गया।
मामले की जानकारी पर युवती के भाई ने आरोपी के परिजनों से शिकायत की। इससे गुस्साए आरोपी ने भाई के साथ गाली गलौज करते हुए युवती के चेहरे पर तेजाब डालने की धमकी दी। वहीं दो लाख रुपये देने और पीड़िता को उसके पास छोड़ने का दबाव बनाया। परेशान होकर परिजनों के साथ कोतवाली में तहरीर दी गई। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक संजय पांडेय ने बताया कि मामले में हेमंत चौधरी, बिट्टू उर्फ अजय और हेमंत के दो भाइयों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।