चिकित्सकों की निगरानी में होगा नाबालिग का गर्भपात
हापुड़। अधेड़ के चुंगल में फंसकर गर्भवती हुई नाबालिग का गर्भपात चिकित्सकों के पैनल की निगरानी में होगा। सीएचसी में चिकित्सकों ने बालिका को अपनी निगरानी में लेकर, उसे दवा दे दी है। सोमवार को बालिका को अस्पताल बुलाया गया है, जहां उसके गर्भपात की आगामी कार्रवाई शुरू की जाएगी।
पीड़ित नाबालिग को उसके पिता ने ही एक 40 साल के अधेड़ को सौंप दिया था। मां और भाई बेटी की तलाश में जुटे रहे, दो महीने बाद जब नाबालिग का पता चला तो हकीकत जान, परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई।
नाबालिग ने उसके गर्भ में पल रहे भ्रूण को गिराने की सहमति जताई थी। मामला न्यायपीठ बाल कल्याण समिति में पहुंचा। जहां से पीड़िता की जांच के लिए स्वास्थ्य विभाग को पत्र लिखा गया। अल्ट्रासाउंड और तमाम जांचों के बाद चिकित्सकों ने भी गर्भपात की सहमति दी। इसके बाद तमाम कार्रवाई पूर्ण होने पर अब बालिका के गर्भपात की तैयारी शुरू कर दी गई हैं।
सीएचसी में चिकित्सकों के पैनल ने शनिवार को जांच कराई और कागजी कार्रवाई पूरी की, जिसके बाद बालिका को एक गोली खिलाकर घर भेज दिया गया। सोमवार को फिर से पीड़िता को बुलाया गया है।
यह था मामला-
दो जून 2022 को चाय में नशीली गोली मिलाकर बालिका की मां को उसके पिता ने बेहोश कर दिया था। बेटी को लेकर उसका पिता फरार हो गया। बालिका के भाई और मां की तहरीर पर पुलिस ने दो अगस्त 2022 को गांव अच्छेजा से नाबालिग को बरामद कर लिया था। नाबालिग के मजिस्ट्रेट के समक्ष बयान हुए, इसके बाद मामला न्यायपीठ बाल कल्याण समिति में आ गया। यहां पीड़िता की काउंसलिंग की गई, पीड़िता ने खुद के गर्भवती होने की बात कह, भ्रूण गिराने की सहमति जताई। तमाम जांचों के बाद रिपोर्ट तैयार की गई।
कोट-
गर्भपात की प्रक्रिया शुरू करा दी गई है, सामान्य तरीके से ही गर्भपात कराया जाएगा। इसके लिए दवा भी दी गई है, बच्ची के सेहत का ध्यान रखा जा रहा है।--डॉ.दिनेश खत्री, सीएचसी अधीक्षक।