पेट्रोल पंप और वाहन शोरूमों पर आग बुझाने के प्रबंध नहीं, 17 को दिया नोटिस
हापुड़। जिले की फैक्टरियों, स्कूल कॉलेजों और अस्पतालों को तो छोड़िए जिले के पेट्रोल पंपों पर भी आग बुझाने के व्यापक प्रबंध नहीं हैं। अग्निशमन विभाग और पुलिस की जांच में यह बात सामने आई है। विभाग द्वारा 17 प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी किए गए हैं। जो भी कमियां हैं उन्हें पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
लखनऊ के होटल में लगी आग के बाद जिले में भी होटल, स्कूल, कॉलेज, फैक्टरियों और दूसरे प्रतिष्ठानों की लगातार जांच की जा रही है। पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम जिले में प्रतिष्ठानों पर जाकर अग्निशमन विभाग की एनओसी व आग बुझाने के प्रबंधों की जांच कर रही है।
जांच के दौरान बड़ी ऐसे नामचीन होटल, स्कूल, अस्पताल और कॉलेज सामने आए हैं, जिनके पास आग से बचाव के उचित प्रबंध ही नहीं है। जिले में नियमों की किस प्रकार अनदेखी हो रही है, इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि पिछले तीन दिन के अभियानों में करीब दो सौ प्रतिष्ठान ऐसे पाए गए हैं, जहां या तो अग्निशमन विभाग की एनओसी नहीं है, भवन का निर्माण आग से बचाव के नियमों को देखते हुए नहीं किया गया है या आग से बचाव के साधन मौके पर मौजूद नहीं मिले। अग्निशमन विभाग ने अब तक जिले में 26 स्कूलों, 60 अस्पतालों, 29 होटल, छह पेट्रोल पंप, 126 फैक्टरियों और 30 अन्य प्रतिष्ठानों की जांच की है।
छह पट्रोल पंप पर मानक नहीं पूरे
इससे बड़ी लापरवाही क्या होगी कि जहां आग को बुझाने के व्यापक प्रबंध होने चाहिए वहां भी अग्निशमन संयंत्र जंग खा रहे हैं। आग लगी तो बड़ा हादसा हो सकता है। जिले के छह पेट्रोल पंप जांच में मानकों पर खरे नहीं उतरे। फिलहाल विभाग नोटिस जरूर दे रहा है, लेकिन इस दिशा में सख्ती नहीं बरती गई तो भविष्य में इसका खामियाजा भुगतना पड़ सकता है।
जंग खा रहे अग्निशमन यंत्र,
आग से बुझाने के प्रबंधों का यह हाल है कि बड़े प्रतिष्ठानों पर भी आग बुझाने के यंत्र वर्षों से कोने में पड़े जंग खा रहे हैं। इन्हें वर्षों से छेड़कर भी नहीं देखा गया है। अब निरीक्षण के दौरान अधिकारियों द्वारा ऐसे लोगों को नोटिस जारी करने के साथ हड़काया भी जा रहा है।
अधिकारियों को भेजी जाएगी रिपोर्ट -
निरीक्षण के दौरान जिन प्रतिष्ठानों पर कमी पाई गई है, उन्हें नोटिस जारी किए गए हैं। इसकी रिपोर्ट एसपी को भेजी जाएगी। जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। - मनु शर्मा, सीएफओ, हापुड़।
यहां पाई गई कमी --
रिलायंस पेट्रोल पंप गढ़ रोड
उत्तम ऑटो पाटर्स, दिल्ली रोड
ओम मोटर्स पेट्रोल पंप, मोदीनगर रोड
ऑटो मेटिक पेट्रोल यूनाइटेड कंपनी दिल्ली रोड
जेएकएम गौरी होंडा
बांके बिहारी टूरिस्ट ढाबा
सूपरकॉन इंडिया