आठ और गांवों में मिले लंपी संक्रमित पशु, 20 हजार को लगे टीके
हापुड़। जिले में लंपी बीमारी बेकाबू हो रही है, आठ और गांवों में संक्रमण मिला है। संक्रमित पशुओं की संख्या बढ़कर अब 309 पहुंच गई है, बीमारी फैलने वाले 78 गांव अब तक चिन्हित किए गए हैं। बीमारी के रोकथाम के लिए विभाग को 15 हजार वैक्सीन मिल गई है। अपर मुख्य सचिव ने वीसी के जरिए अधिकारियों को दिशा निर्देश दिए हैं।
जिले के गांव शुकलामपुर से शुरू हुई लंपी बीमारी अब धीरे-धीरे हर गांव को चपेट में ले रही है। सोमवार को पशुपालन विभाग के अधिकारियों ने सर्वे किया, इस दौरान आठ और गांवों में भी लंपी संक्रमित पशु मिले। रोग मिला, इन गांवों में आठ पशु लंपी संक्रमित मिले। जिन्हें आइसोलेट कराया गया है, साथ ही आवश्यक दवाएं भी पशुपालकों को उपलब्ध करा दी गई हैं।
बीमारी की चपेट में आकर अब तक तीन पशुओं की मौत हुई है, जबकि 10 से अधिक की हालत गंभीर बनी हुई है। पशुपालन विभाग की टीमों ने गांव गांव जाकर 20 हजार पशुओं को टीके लगा दिए हैं, टीकाकरण को आगे बढ़ाने के लिए 15 हजार वैक्सीन और प्राप्त हो गई हैं।
-जिले में लंपी की स्थिति-
संक्रमित पशु---309
उपचारित पशु---166
प्रभावित गांव----78
कुल मौत------03
टीकाकरण-----20000
कोट-
जिले में लंपी संक्रमित मिले पशुओं का इलाज कराया जा रहा है, टीमें हर पशु की निगरानी कर रही हैं। पशुपालक साफ सफाई का विशेष ध्यान रखें, साथ ही टीकाकरण भी कराएं। - डॉ.प्रमोद कुमार, सीवीओ।