पुलिस द्वारा पकड़ा गया लखन हत्याकांड का आरोपी। संवाद
- फोटो : HAPUR
लखन हत्याकांड के एक आरोपी को पकड़ा
हापुड़। 16 अगस्त को कचहरी के बाहर हुए हरियाणा के हिस्ट्रीशीटर लखन की हत्या में शामिल एक और आरोपी को हापुड़ पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सोमवार को उसे न्यायालय में पेश किया, जिसके बाद उसे जेल भेज दिया गया।
गौरतलब है कि हिस्ट्रीशीटर लखन को तीन हथियार बंद बदमाशों ने उस समय गोली से भून दिया था, जब वह हरियाणा पुलिस की कस्टडी में हापुड़ कचहरी में पेशी पर लाया गया था। इसके बाद आरोपी साथियों के साथ फरार हो गए थे। हत्याकांड में शामिल सचिन उर्फ सच्चे, मनीष चंदेला उर्फ मन्ना, सतेंद्र उर्फ भोलू और अमित उर्फ काले उर्फ ऐम्मी को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। जबकि हत्या के बाद नामजद आरोपी सुनील चचूला ने गौतमबुद्धनगर जिला के सत्र न्यायालय में घटना के दिन ही आत्मसमर्पण कर दिया था। सुनील को 29 अगस्त से 24 घंटे की कस्टडी रिमांड पर लेकर पुलिस ने उसकी निशानदेही पर हत्याकांड में प्रयुक्त पिस्टल बरामद की थी। एसपी दीपक भूकर ने बताया कि पुलिस ने सोमवार को एक और आरोपी हरियाणा के जिला फरीदाबाद के गांव अनंगपुर निवासी वीरपाल उर्फ वीरू दिल्ली रोड से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस बाकी आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लेगी।