अवैध शराब से खड़ी हुई 70 लाख की कोठी आज होगी कुर्क
हापुड़। बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के गांव कनिया कल्याणपुर निवासी दंपती ने अवैध शराब के कारोबार से लाखों की संपत्ति जुटाई। जिला पंचायत चुनाव से लेकर अन्य चुनावों में भी जमकर अवैध शराब की तस्करी से लाखों कमाए। एएसपी और देहात थाना की रिपोर्ट पर अब डीएम ने कुर्की के आदेश किए हैं। बृहस्पतिवार को प्रभारी मंत्री के कार्यक्रम की व्यस्तता के चलते कुर्की नहीं हुई, शुक्रवार को आरोपी दंपती की लगभग 70 लाख की कोठी की कुर्की की जाएगी।
डीएम मेधा रूपम द्वारा जारी आदेश में बताया गया है कि पुलिस की रिपोर्ट के अनुसार बाबूगढ़ के गांव कनिया कल्याणपुर निवासी अजय चौधरी पुत्र विक्रम सिंह व उसकी पत्नी सीमा सिंह का एक सुसंगठित गिरोह है, जो अपने सह अपराधियों के साथ मिलकर जघन्य अपराध कर धन अर्जित करते हैं। समाज विरोधी कार्य कर लोगों में भय व आतंक उत्पन्न कर रहे हैं।
लगातार अपने साथी बदल-बदल कर कई सालों से अवैध शराब का धंधा कर रहे हैं। बता दें कि पिछले जिला पंचायत चुनाव में अजय चौधरी ने सदस्य पद के लिए आवेदन भी किया था। लेकिन अवैध शराब की तस्करी के मामले में वह फंस गया, जिसके चलते चुनाव नहीं लड़ पाया।
तमाम साक्ष्यों के बाद अब आदेश पारित कर दिया गया है, इसमें कनिया कल्याणपुर में स्थित अजय चौधरी की कोठी जिसकी कीमत करीब 70 लाख है, उसकी कुर्की की जाएगी। यह कार्रवाई पहले बृहस्पतिवार को ही होनी थी, लेकिन मंत्री के कार्यक्रम की व्यस्तता के चलते नहीं हो सकी, अब शुक्रवार को कुर्की की जाएगी।
जिलाधिकारी मेधा रूपम ने बताया कि अवैध शराब या नशे का कारोबार किसी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस की रिपोर्ट के आधार पर कुर्की के आदेश कर दिए गए हैं। एसडीएम हापुड़ को रिसीवर नियुक्त किया है।