खाना देने में देरी की तो बलकटी से कर दी बेटी की हत्या
हापुड़। थाना बाबूगढ़ क्षेत्र के गांव नूरपुर में खाना देने में देरी करना एक पिता को इतना नागवार गुजरा कि उसने धारदार बलकटी से अपनी पुत्री रेशमा (22) की हत्या कर दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है।
गांव निवासी फरियाद पुत्र फकरू अपनी पत्नी व छह पुत्र व पुत्रियों के साथ गांव में रहता है। शुक्रवार की दोपहर फरियाद ने अपनी 22 वर्षीय पुत्री रेशमा से खाना मांगा। जल्दी खाना न देने पर पिता व पुत्री में विवाद हो गया। विवाद में फरियाद इतना आक्रोशित हो गया कि उसने पास में पड़ी बलकटी से अपनी पुत्री पर प्रहार कर दिए। जिसकी उसकी मौके पर दर्दनाक मौत हो गई। पिता द्वारा पुत्री की दिनदहाड़े हत्या से गांव में सनसनी फैल गई। आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और मामले में सूचना पुलिस को दी। पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर आरोपी पिता फरियाद को गिरफ्तार कर लिया और उसे थाने ले आई। ग्रामीणों ने बताया कि चार सितंबर को मृतका रेशमा की शादी होनी तय थी। रेशमा अपने छह भाई बहनों में दूसरे नंबर की थी।
सीओ अशोक कुमार सिसौदिया ने बताया कि आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया गया है। तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया जा रहा है।
बेटी की हत्या के बाद फूट फूटकर रोया फरियाद
विनाश काले विपरीत बुद्धि कहावत सच है जो पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह के गांव नूरपुर में देखने को मिली। पुत्री द्वारा जल्दी खाना न लाने पर गुस्साए पिता फरियाद ने बलकटी से प्रहार कर उसकी हत्या तो कर दी। लेकिन जब उसका गुस्सा शांत हुआ तो वह फूट-फूटकर रोया। उसे अपने किए पछतावा था।