मोदीनगर रोड पर सुबह से वाहनों का प्रवेश रहेगा बंद
हापुड़। मुख्यमंत्री की सुरक्षा के लिए पुलिस पूरी तरह से चौकस है। सुरक्षा की दृष्टि से वाहनों का डायवर्जन भी किया गया है। मोदीनगर रोड पर सुबह से ही वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा। जबकि मेरठ रोड पर भी कैली से हापुड़ के बीच बड़े वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा। जिन्हें वैकल्पिक मार्गों से निकाला जाएगा। सुरक्षा की दृष्टि से निजामपुर तिराहा से भी शहर में बड़े वाहन नहीं आ जा सकेंगे।
सुरक्षा में 2500 जवान रहेंगे तैनात
मुख्यमंत्री की सुरक्षा हेतु 2500 जवान तैनात रहेंगे। सुरक्षा के लिए बाहर से भी पुलिस बल आया है। जिसमें 195 दरोगा, 50 इंसपेक्टर, 20 राजपत्रित अधिकारी, 100 ट्रैफिक पुलिस, 500 कांस्टेबल, 200 हेडकांस्टेबल, 6 कंपनी पीएसी लगाई गई है। सुरक्षा के लिए डाग स्कवाड व बम स्कवाड भी लगाया गया है।
इस प्रकार गुजारे जाएंगे वाहन -
मोदीनगर से हापुड़ आने वाले वाहन परतापुर की तरफ से पिलखुवा होते हुए हापुड़ आएंगे। जबकि पिलखुवा से दतैड़ी गेट से भी मोदीनगर आ जा सकेंगे। अन्य वाहनों को हापुड़ के मोदीनगर रोड पर प्रवेश नहीं होने दिया जाएगा। साथ ही मेरठ-बुलंदशहर जाने वाले वाहनों को भी मेरठ हापुड़ बाईपास से निकाला जाएगा।
14 पार्किंग स्थल बनाए
सभा स्थल पर आने जाने वाले लोगों के लिए 14 पार्किंग स्थल बनाए गए हैं। जिनमें 3 वीआईपी पार्किंग स्थल हैं। सभा में आने वाले लोगों को मोदीनगर रोड व मेरठ रोड की ओर से एंट्री मिलेगी। यहां पर व्यवस्था के लिए ट्रैफिक पुलिस कर्मी तैनात रहेंगे।