लखन हत्याकांड में छह टीमों ने 30 से अधिक स्थानों पर दी दबिश
हापुड़। कचहरी परिसर के बाहर मंगलवार को पेशी पर लाए गए फरीदाबाद के हिस्ट्रीशीटर लखन के हत्यारोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने छह टीमों का गठन किया है। बुधवार शाम तक पुलिस ने हरियाणा, दिल्ली, गाजियाबाद और नोएडा समेत करीब 30 ठिकानों पर दबिश दी। कुछ संदिग्धों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है।
मंगलवार सुबह करीब 10.45 बजे हरियाणा की नीमका जेल से पेशी पर लाए गए कैदी लखन उर्फ यशपाल की हथियारबंद बदमाशों ने कचहरी के गेट के बाहर ही गोलियां बरसाकर हत्या कर दी थी। हरियाणा पुलिस के एक सिपाही को भी गोली लगी थी। घटना को अंजाम देेने के बाद हमलावर रघुवीरगंज से होते हुए बाइकों से फरार हो गए थे। लखन के भाई पवन ने आठ ज्ञात और एक अज्ञात के खिलाफ हत्या समेत विभिन्न संगीन धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। एक आरोपी सुनील चूचला ने मंगलवार को ही नोएडा के सूरजपुर कोर्ट में सरेंडर कर दिया था। बाकी आरोपी अभी भी फरार हैं।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक घटना को अंजाम देने के बाद फरार आरोपी अलग अलग जिलों में छिपे हैं। पुलिस की टीमें हापुड़ के अलावा हरियाणा, दिल्ली, गाजियाबाद, नोएडा में दबिश दे रही हैं। कई संदिग्धों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। एसपी दीपक भूकर ने बताया कि आरोपियों की तलाश में दिन रात दबिश दी जा रही है। सर्विलांस टीम भी पूरी तरह सक्रिय है, जल्द ही हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
करीबियों की भी कुंडली खंगाल रही पुलिस
हापुड़ पुलिस आरोपियों के करीबियों की भी कुंडली खंगाल रही है। हमलावरों के करीबियों के यहां छिपे होने की आशंका है। ऐसे में ऐसे लोगों को भी ट्रेस किया जा रहा है।