विवाद के बाद हटाए गढ़ एसडीएम और लेखपाल
हापुड़। गढ़ में शुक्रवार को मेरठ रोड पर एक कब्जे के मामले में एसडीएम अरविंद कुमार द्वारा दीवार हटाने के आदेश के बाद ब्लॉक प्रमुख के पुत्र ने विरोध कर दिया था। पुलिस द्वारा ब्लॉक प्रमुख के पुत्र को हिरासत में लेने के बाद गढ़ विधायक समेत भाजपा नेता लामबंद हो गए थे। देर रात तक चले हंगामे के बाद शनिवार को डीएम ने एसडीएम गढ़ अरविंद कुमार व संबंधित लेखपाल केशव शर्मा को हटा दिया है। अब विवेक यादव गढ़ के एसडीएम होंगे। गढ़ एसडीएम को डिप्टी क्लक्ट्रेट हापुड़, जबकि लेखपाल को धौलाना भेजा गया है।
शुक्रवार को गढ़ में मेरठ रोड पर दो लोगों में एक स्थान पर दीवार खड़ी करने के लिए विवाद हो गया था। जिसकी शिकायत पर एसडीएम अरविंद कुमार और सीओ पवन कुमार मौके पर पहुंचे थे और लेखपाल के साथ जांच के बाद दीवार गिराए जाने के आदेश दिए थे। दूसरे पक्ष के साथ ब्लॉक प्रमुख के पुत्र जगदीश सिंह ने दीवार गिराए जाने का विरोध कर दिया। हंगामे को देखते हुए अधिकारियों ने जगदीश सिंह को हिरासत में लेकर कोतवाली भिजवा दिया और दीवार को गिरा दिया।
जगदीश को हिरासत में लेने की सूचना पर गढ़ विधायक हरेंद्र तेवतिया, जिलाध्यक्ष उमेश राणा समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए और हंगामा कर दिया। काफी देर इंतजार के बाद भी जब अधिकारी नहीं पहुंचे तो भाजपाई और भड़क गए और देर रात ही डीएम आवास पहुंचकर मामले की शिकायत की थी। जहां डीएम ने जांच के बाद सही कार्रवाई का आश्वासन दिया था।