पुलिस पिकेट से 50 मीटर दूर दो दुकानों से लाखों की चोरी
हापुड़। थाना बाबूगढ़ क्षेत्र में बेखौफ चोरों के हौसले बुलंद हैं। बुधवार रात चोरों ने एक सराफा व किराने की दुकान का ताला तोड़कर लाखों रुपये के आभूषण, सामान व नकदी चोरी कर ली। यह स्थान पुलिस पिकेट से मात्र 50 मीटर दूर है। हालांकि सराफ के यहां चोरी के दौरान चोर सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए। जिसके आधार पर पुलिस चोरों की पहचान करने में जुटी है।
बाबूगढ़ निवासी तरुण कुमार की बछलौता रोड पर दीप ज्वैलर्स के नाम से सराफ की दुकान है। बीती रात चोरों ने दुकान के ताले तोड़ दिए। चोरों ने दुकान से लाखों रुपये के गहने चोरी कर लिए। जबकि पड़ोस में ही गांव टियाना निवासी विनय गुप्ता की किराना की दुकान है। चोर वहां से 10 हजार की नकदी समेत 25 हजार का कीमती सामान चोरी कर ले गए। सुबह शटर उखड़ा देखकर लोगों ने मामले की सूचना दुकानदार को दी। जिस पर दुकानदार मौके पर आए। पीड़ितों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। तीन चोर सराफ की दुकान में चोरी के दौरान सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए। इनमें दो के मुंह पर कपड़े बंधा था, जबकि एक युवक की पहचान की जा सकती है। थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि सीसीटीवी कैमरे की फुटेज के माध्यम से चोरों की तलाश की जा रही है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की जा रही है। जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।