कक्षा में पढ़ा रहे शिक्षक को 11वीं के छात्रों ने पीटा
हापुड़। बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के एक इंटर कॉलेज में कक्षा के अंदर ही शिक्षक की छात्रों ने पिटाई कर दी। पिटाई करने वालों में कुछ छात्र विद्यालय के और कुछ बाहर के थे । शिक्षक ने इस मामले में पुलिस में तहरीर दी है।
जानकारी के अनुसार घटना के समय शिक्षक कक्षा 9वीं के छात्रों को पढ़ा रहे थे। इसी दौरान कक्षा 11वीं के कुछ छात्र उनकी कक्षा में पहुंचे और अपने किसी सहपाठी से उसके बैग में रखे फार्म मांगने लगे। शिक्षक ने क्लास खत्म होने के बाद फार्म ले जाने की बात कही। इस पर शिक्षक व छात्रों के बीच कहासुनी हो गई।
इसी बीच कक्षा 11वीं के छात्रों ने बाहर से अपने कुछ दोस्तों को अंदर बुला लिया। क्लास के अंदर ही छात्रों और शिक्षक के बीच मारपीट शुरू हो गई। इससे विद्यालय में अराजकता का माहौल बन गया। शिक्षक ने इस मामले में पुलिस में शिकायत की है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य कुलदीप गर्ग ने बताया कि कक्षा में शिक्षक के साथ मारपीट का मामला गंभीर है। असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।