आतिशबाजी को लेकर बरातियों में खूनी संघर्ष, तीन घायल
धौलाना। कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ले में दो बहनों की शादी में आतिशबाजी को लेकर बारातियों में खूनी संघर्ष हो गया। दोनों पक्षों में मारपीट के साथ जमकर पथराव हुआ और लाठी-डंडे चले, जिसमें तीन लोग घायल हो गए। दो बारातियों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
मंगलवार को कस्बा धौलाना निवासी अनवार कुरैशी की दो पुत्रियों की बरात अलग अलग स्थानों से आई थी। इस दौरान धौलाना के मदरसे में पंडाल लगा था। जहां एक बारात नाहल जिला गाजियाबाद और दूसरी सिकंद्राबाद जिला बुलंदशहर से आई थी। बारात की चढ़त के दौरान एक पक्ष ने आतिशबाजी कर दी जो दूसरे पक्ष के किसी व्यक्ति से जाकर टकरा गई। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हो गई। जिसमें शाहनवाज, तजाइम निवासी नाहल और शोएब निवासी सिकंदराबाद जिला बुलंदशहर को धौलाना के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। शाहनवाज की हालत गंभीर बनी हुई है। थाना प्रभारी निरीक्षक सत्येंद्र प्रकाश सिंह ने बताया कि फिलहाल पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और शांति व्यवस्था बनी है। घटना के संबंध में अभी किसी भी पक्ष की तरफ से तहरीर प्राप्त नहीं हुई है, सात लोगों को हिरासत में ले लिया गया है।