प्रसाद की गर्म खीर गिरने से परिवार के चार लोग झुलसे
हापुड़। शिवरात्रि के मौके पर छपकौली मंदिर में खीर के प्रसाद का वितरण करने जा रही होशियारपुर गढ़ी निवासी लोगों की ई-रिक्शा पलट गई। गर्म खीर से दो महिलाएं समेत चार लोग झुलस गए, जिसमें से तीन को मेरठ रेफर किया गया है। आरोप है कि पुलिस ने सही रास्ते से ई- रिक्शा को नहीं जाने दिया और चालक को डांटते हुए उबड़ खाबड़ रास्ते से मंदिर की तरफ भेज दिया, जिसके कारण हादसा हुआ।
होशियारपुर गढ़ी निवासी सुभाष ने बताया कि उसके परिवार ने शिवरात्रि पर खीर बांटने का निर्णय लिया था। उसकी पत्नी सुनीता, परिवार की एक अन्य महिला रूबी, पुत्री रूमा, भतीजी हिमांश (9) सुबह खीर बनाने के बाद ई-रिक्शा में गर्म खीर रखकर छपकौली स्थित मंदिर में बांटने के लिए जा रही थी। मंदिर के रास्ते पर पहुंचने पर पुलिस ने ई-रिक्शा रोक लिया और आगे जाने की अनुमति नहीं दी। महिलाओं के साथ पुलिस ने अभद्रता करते हुए उन्हें डांटकर वापस जाने के लिए कहा। इसके बाद एक अन्य जर्जर रास्ते से मंदिर की ओर जाने के लिए कहा। जैसे ही रिक्शा इस रास्ते पर पहुंचा तो गड्ढे में पहिया गिरने के कारण वह पलट गया। गर्म खीर महिलाओं के ऊपर गिरने से वो बुरी तरह झुलस गईं। स्थानीय लोगों ने महिलाओं को अस्पताल भिजवाया। जहां से सुनीता, रूबी और रूमा को मेरठ के लिए रेफर कर दिया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक देेवेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि पुलिस द्वारा रोकने की सूचना नहीं है। हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।