कांवड़ मार्ग पर दौड़ रही थी सवारियों से भरी एंबुलेंस
हापुड़। कांवड़ यात्रा के दौरान पुलिस ने रूट डायवर्ट किया हुआ है। डायवर्जन के दौरान आवश्यक सेवा वाले वाहनों को आवाजाही में छूट है। लेकिन कुछ शातिर इस दौरान भी पुलिस की आंखों में धूल झोंक रहे हैं। ऐसी ही एक एंबुलेंस को पुलिस ने चेकिंग के दौरान पकड़ लिया। चालक गाजियाबाद से हापुड़ सवारियां ढो रहा था।
कांवड़ यात्रा के दौरान पुलिस टीम 24 घंटे सड़कों पर तैनात है। शनिवार रात भी पुलिस के जवान हापुड़ चौपले पर ड्यूटी दे रहे थे। इसी दौरान एक एंबुलेंस गाजियाबाद की ओर से आती दिखाई दी। एंबुलेंस में अपेक्षाकृत अधिक लोग बैठे हुए थे। शक होने पर पुलिस ने एंबुलेंस को रोक लिया। पूछताछ करने पर पता चला कि एंबुलेंस में सभी मौजूद लोग सवारियां हैं जो गाजियाबाद से हापुड़ आ रही थीं। रास्ते में इन्हें किराया वसूलकर यहां छोड़ने की बात कही गई थी। पुलिस से पूछताछ में आरोपी ने गाजियाबाद से हापुड़ के बीच सवारियां लाने ले जाने का कार्य कर रहा था। पुलिस ने उसका चालान कर दिया।