न्यायालय के निर्माण के लिए सड़कों पर उतरे अधिवक्ता, दी गिरफ्तारी
हापुड़। जनपद बनने के ग्यारह वर्ष बाद भी जिला न्यायालय के नए भवन का निर्माण न होने पर अधिवक्ताओं का गुस्सा चरम पर है। शनिवार को अपने पूर्व नियोजित कार्यक्रम के तहत हापुड़ बार एसोसिएशन के सैकड़ों अधिवक्ता पैदल मार्च करते हुए कचहरी से कोतवाली पहुंचे और गिरफ्तारी दी। कचहरी से कोतवाली जाते हुए अधिवक्ताओं द्वारा नारेबाजी की गई। हालांकि कुछ समय बाद ही सभी अधिवक्ताओं को व्यक्तिगत मुचलके पर छोड़ दिया गया। अधिवक्ताओं ने मौके पर पहुंचे तहसीलदार को सीएम के नाम ज्ञापन दिया।
बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अजीत सिंह चौधरी व सचिव रविंद्र निमेष ने कहा कि न्यायालय के नए भवन को लेकर अधिवक्ता काफी समय से आंदोलन कर रहे हैं। जिसके अंतर्गत एक जुलाई को अधिवक्ताओं ने जिला मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन कर डीएम को ज्ञापन दिया था। उसके बाद 13 जुलाई को सदर विधायक का भी घेराव किया था। इस सबके बाद भी अधिवक्ताओं की समस्या को लेकर प्रशासन गंभीरता नहीं दिखा रहा था। जिसके चलते ही शनिवार को अधिवक्ताओं ने कोतवाली पहुंचकर गिरफ्तारी दी। ऐसा करके अधिवक्ताओं ने अपना आक्रोष शांतिपूर्ण तरीके से व्यक्त किया है।
इस अवसर पर दीपक कुमार, सोनू सैनी, पदम सिंह, देवेंद्र खरे, साजिद अली, अनिल आजाद, दीपक शर्मा, खालिद खान, सुबोध तोमर, राजेंद्र सैनी, मुकुल अग्रवाल, महबूब अली, विशाल अग्रवाल, कुंवरपाल सिंह, दिनेश कुमार, पवन गुर्जर, मोनू चौहान, मंयक त्यागी, अंकुर त्यागी आदि उपस्थित थे।
104 अधिवक्ताओं ने दी गिरफ्तारी
न्यायालय भवन के निर्माण की मांग को लेकर गिरफ्तारी देने के लिए सैकड़ों अधिवक्ता कोतवाली पहुंचे। जिसमें 104 अधिवक्ताओं ने गिरफ्तारी दी। इतनी बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं का कोतवाली पहुंचने पर पुलिस भी परेशान हो गई, हालांकि इसकी पूरी जानकारी होने पर पहले से सभी इंतजाम किए हुए थे। पुलिस ने अधिवक्ताओं को ठंडा पानी पिलाया, जिसके चलते अधिवक्ता व पुलिस के बीच कोई विवाद नहीं हुआ।
सतर्क रहा पुुलिस-प्रशासन
अधिवक्ताओं के कोतवाली में गिरफ्तारी देने की सूचना मिलने पर पुलिस-प्रशासन सतर्क हो गया था। कोतवाली के बाहर और कचहरी तक अतिरिक्त पुलिस बल का प्रबंध किया गया था। हालांकि अधिवक्ताओं ने अपने पैदल मार्च के दौरान जमकर नारेबाजी की। लेकिन पुलिस ने नरम रुख अपनाकर रखा।
सोमवार को होगी बैठक-
हापुड़ बार एसोसिएशन के सचिव रविंद्र सिंह निमेष ने बताया कि न्यायालय भवन के निर्माण की मांग को लेकर अब अधिवक्ता शांत नहीं बैठेंगे। सोमवार को एसोसिएशन की एक बैठक बुलाई गई है। जिसमें आंदोलन की आगे की रणनीति तैयार की जाएगी।
शनिवार को कोतवाली में गिरफ्तारी देने पहुंचे अधिवक्ता। संवाद- फोटो : HAPUR
शनिवार को कोतवाली में अधिवक्ताओ को संबोधित करते बार अध्य्क्ष अधिवक्ता अजित सिंह । संवाद- फोटो : HAPUR