उधार दिए रुपये मांगे तो लाठी डंडों से पीटा
हापुड़। उधार दिए रुपये मांगने पर पिलखुवा निवासी यासीन के साथ कुछ लोगों ने लाठी डंडों से हमला कर दिया। जिसमें वह घायल हो गया। मोहल्ला सद्दीकपुरा निवासी यासीन ने बताया कि दो माह पहले उसने हापुड़ के मोहल्ला मजीदपुरा निवासी राजू को 50 हजार रुपये उधार दिए थे। लगातार तगादा करने के बाद भी आरोपी ने रुपये वापस नहीं किए। 20 दिसंबर को वह उसके घर रुपये लेने पहुंचा। रुपये मांगने पर राजू ने उसके साथ गाली गलौज कर दी। विरोध करने पर अपने साथी सोनू व एक अज्ञात युवक के साथ मिलकर लाठी डंडों से पीटा। मोहल्ले के लोगों ने उसे बचाया, जिन्हें देखकर आरोपी हत्या की धमकी देकर फरार हो गए। हमले में घायल हुए पीड़ित को स्थानीय लोगों ने अस्पताल में भर्ती कराया। सीओ वैभव पांडेय ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।