गैंगस्टर को पकड़ने आई गाजियाबाद पुलिस, विरोध के बाद लौटी
हापुड़। गैंगस्टर के एक आरोपी को पकड़ने के लिए रविवार शाम नगर कोतवाली क्षेत्र के गांव सरावा पहुंची गाजियाबाद एसओजी की टीम को बैरंग लौटना पड़ा। बताया जा रहा है कि गांव में एक बच्चे के नामकरण संस्कार का कार्यक्रम था, जिसमें गैंगस्टर में निरुद्ध एक आरोपी हिस्सा लेने के लिए आया था। सिविल ड्रेस में आई एसओजी की टीम ने आरोपी को दबोच लिया। लेकिन पुलिसकर्मियों की पहचान न होने के कारण यहां विरोध शुरू हो गया और हाथापाई शुरू हो गई। जिसके बाद आरोपी मौका पाकर फरार हो गया। सूचना पर हापुड़ पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। सीओ वैभव पांडेय ने बताया कि गाजियाबाद पुलिस किसी आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए आई थी, जो फरार हो गया, सूचना पर स्थानीय पुलिस को मौके पर भेजा गया था।