शादी का झांसा देकर 15 हजार रुपये ठगे
हापुड़। एक युवक से शादी के नाम पर ठगों ने 15 हजार रुपये ठग लिए। पीड़ित ने ठगे होने का एहसास होने पर मामले की शिकायत पुलिस से की है।
काशीपुर क्षेत्र के वाजपुर निवासी मदन गोपाल ने बताया कि वह अपने लिए दुल्हन की तलाश कर रहा है। कुछ दिन पहले समाचार पत्र में एक विज्ञापन देखा। विज्ञापन पर दिए मोबाइल नंबर पर उसने काल की। फोन पर बात कर रहे व्यक्ति ने खुद को हापुड़ के मेरठ रोड स्थित विवाह कराने वाली संस्था का कर्मचारी बताया और उसकी बात गीता नामक एक युवती से कराई। दोनों पक्षों के बीच शादी के लिए रजामंदी बन गई। झांसे में आकर पीड़ित ने करीब 15 हजार रुपये आरोपी द्वारा बताए बैंक खाते में डलवा दिए। इसके बाद आरोपियों के मोबाइल नंबर बंद हो गए। सोमवार को पीड़ित ने मामले की शिकायत पुलिस से की है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सोमवीर सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जा रही है।