अधिवक्ता ने तीन लोगों पर दर्ज कराई एफआईआर
हापुड़। एक अधिवक्ता ने एक महिला सहित तीन लोगों पर उसके खिलाफ झूठा मुकदमा दर्ज कराने का आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज कराई है।
थाना देहात क्षेत्र के गांव सलाई निवासी अनवर अली नगर कचहरी परिसर में अधिवक्ता हैं। पीड़ित ने बताया कि वादकारी गुलजार की तरफ से 24 जुलाई 2018 को न्यायालय में 156/ 3 सीआरपीसी के तहत के वाद दायर कराया था। इस कारण प्रतिवादी गांव ततारपुर निवासी आबिद पीड़ित से रंजिश मानने लगा। कुछ दिन पहले आरोपी ने कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला शिवदयालपुरा निवासी रूबी को वादकारी बनाकर उसके पास भेजा। आरोपी ने महिला व गांव सलाई निवासी अपने साथी गय्यूर के साथ मिलकर पीड़ित के खिलाफ फर्जी मुकदमा दर्ज करा दिया। पीड़ित ने मामले की शिकायत पुलिस से की लेकिन कार्रवाई नहीं हो सकी। अब कोर्ट के आदेश पर कोतवाली में आरोपी आबिद, गय्यूर व रूबी के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अविनाश गौतम ने बताया कि मामले की जांच कर निष्पक्ष कार्रवाई की जाएगी।