वर-वधू पक्ष में समझौता, बिना दहेज विवाह संपन्न
सिंभावली। दहेज की मांग पूरी न होने पर बरात न लाने के मामले में वधू के पिता की तहरीर पर दूल्हा समेत चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हुई थी, लेकिन दोनों पक्षों के बीच प्रबुद्ध जनों ने समझौता कराया। जिसके बाद बिना दहेज विवाह की रस्म पूरी की गई।
बहादुरगढ़ थाना क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति ने सिंभावली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जिसने बताया कि उसकी बेटी का रिश्ता सिंभावली क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक से तय हुआ था। सगाई समारोह के दौरान वर और उसके परिजनों ने दहेज में 11 लाख रुपये और बुलेट बाइक की मांग की। जिसे पूरा न कर पाने पर बरात लाने से इन्कार कर दिया था। इस संबंध में पुलिस द्वारा युवक समेत उसके पक्ष के चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली।
रिपोर्ट दर्ज होने के बाद वधू और वर पक्ष की प्रबुद्ध लोगों के बीच मंगलवार की शाम वार्ता हुई। इस दौरान वर पक्ष ने युवती के परिजनों से माफी मांगते हुए बिना दहेज शादी का प्रस्ताव रखा। लोगों के समझाने पर युवती और उसके परिजन शादी के लिए राजी हो गए। जिसके बाद सिंभावली क्षेत्र के ही एक गांव में युवती के मामा के घर मंगलवार की रात शादी की रस्में सादगी के साथ पूरी की गई, जिसमें दोनों पक्षों के चंद लोग शामिल हुए। विवाह की रस्म पूरी होने के बाद बुधवार की सुबह युवती ससुराल के लिए विदा हो गई।
सिंभावली पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों का समझौता होने के बाद शादी हो गई है। मामले की विवेचना की जा रही है। जिसके आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।