हवन और पूजन के साथ कार्तिक मेले का आगाज
गढ़मुक्तेश्वर। गंगा कार्तिक मेले का शुक्रवार को विधिवत उद्घाटन हो गया। हवन और पूजन के बाद गंगा की महाआरती के मौके पर हर-हर गंगे के उद्घोष गुंजायमान होते रहे।
शुक्रवार को प्रदेश सरकार में ऊर्जा मंत्री डॉ. सोमेंद्र तोमर, जिला पंचायत अध्यक्ष रेखा नागर, जिलाध्यक्ष उमेश राणा, विधायक हरेंद्र सिंह तेवतिया, मंडलायुक्त सेल्वा कुमारी, डीएम मेधा रुपम, एसपी दीपक भूकर, सीडीओ प्रेरणा सिंह, मेलाधिकारी विवेक यादव, प्रमोद नागर ने संयुक्त रूप से मेले के सदर गेट पर फीता काटकर उद्घाटन किया। इसके बाद शांति और सौहार्द के प्रतीक रंग-बिरंगे गुब्बारे हवा में उड़ाए। जिसके बाद पंडित गोविंद शास्त्री, विनोद शास्त्री और विवेक कृष्ण अत्री द्वारा किए गए वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच उन्होंने हवन में आहुति देते हुए मेले के सफल आयोजन की कामना की। वहीं गंगा में नारियल, फल-फूल अर्पित करने के बाद आरती में भी भाग लिया।
ऊर्जा मंत्री डॉ. सोमेंद्र तोमर ने कहा कि कार्तिक पूर्णिमा मेले को भव्य बनाने के लिए प्रदेश सरकार लगातार कार्य कर रही है। जिला पंचायत अध्यक्ष रेखा नागर ने कहा कि कार्तिक पूर्णिमा मेला एतिहासिक और पौराणिक महत्व रखता है। जिला पंचायत द्वारा प्रशासन के सहयोग से मेले में आने वाले श्रद्धालुओं, दुकानदारों समेत अन्य लोगों की सुविधा व सुरक्षा के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की परेशानी नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने श्रद्धालुओं से भी गंगा को प्रदूषण मुक्त बनाए रखने और धार्मिक भावना के साथ मेले में अनुष्ठान व स्नान करने का आह्वान किया। इस मौके पर डीपीआरओ विरेंद्र सिंह, एसडीएम प्रहलाद सिंह, एएसपी मुकेश चंद्र मिश्रा, सीओ स्तुति सिंह, एक्सईएन ऊर्जा निगम कृष्ण अवतार विश्वकर्मा, मदनपाल सिंह, दीपेंद्र मणि त्यागी, भारत भूषण गर्ग, डीपी निषाद आदि थे।
गढ़ गंगा मेला का उद्घाटन करतीं मंडलायुक्त एवं अन्य अधिकारी।- फोटो : GARH
ब्रजघाट में गंगा दिवस पर 2100 दीए जलाकर गंगा तट रोशन किया।- फोटो : GARH