मेले में स्वच्छता का रखें ध्यान, खुले में न करें शौच - मंडलायुक्त
गढ़मुक्तेश्वर। खादर मेले की तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे मंडलायुक्त और आईजी ने सुरक्षा व्यवस्थाएं परखीं। वहीं आयोजन से जुड़े अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं में खामी मिलने और लापरवाही बरतने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी है।
मेरठ मंडलायुक्त सेल्वा कुमारी और आईजी प्रवीण कुमार मंगलवार की शाम पांच बजे डीएम मेधा रूपम और एसपी दीपक भूकर के साथ मेला क्षेत्र में बनी रिजर्व पुलिस लाइन में पहुंचे, इसके बाद अधिकारियों ने मेला क्षेत्र में गंगा के मुख्य स्नानघाट समेत सभी सेक्टरों का निरीक्षण किया। मंडलायुक्त ने कहा कि गंगा में सफाई व्यवस्था का अवश्य ध्यान रखना होगा। इसके अलावा खुले में शौच न किया, इसके लिए टीम बनाकर लोगों को जागरूक करें। कमिश्नर ने कहा कि गंगा में बैरिकेडिंग और रिवर पुलिस लगातार गश्त करती रहे। आईजी प्रवीण कुमार ने एनडीआरफ, रिजर्व पुलिस, पीएसी समेत थाना प्रभारियों को ड्यूटी में सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। इस मौके पर सीडीओ प्रेरणा सिंह, एसडीएम प्रहलाद सिंह, विवेक यादव, एएसपी मुकेश मिश्रा, सीओ स्तुति सिंह समेत अन्य अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे।
सुरक्षा व्यवस्था में खामी रहने पर होगी कार्रवाई
आईजी प्रवीण कुमार ने कहा कि मेला आयोजन के दौरान बैरिकेड़िंग समेत डूबने की घटनाओं की रोकथाम के लिए गोताखोर, एनडीआरएफ, रिवर पुलिस और पीएसी के जवान हर समय गंगा में तैनात रहेंगे। इसके अलावा सभी वॉच टॉवर, मेला सेक्टरों मे बने अस्थाई थानों पर भी पुलिसकर्मियों को सतर्क रहने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि डूबने और मेला क्षेत्र में आपराधिक घटना होने पर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।