हापुड़ में डीएम कार्यालय पर मौजूद बंगाली परिवार।
- फोटो : GARH
योजनाओं का नहीं मिल रहा लाभ, जलसमाधि लेने की दी धमकी
गढ़मुक्तेश्वर। ब्रजघाट में स्थित गंगा नगर में करीब 40 वर्षों से बसे लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है, जिससे परेशान होकर हिंदू बंगाली परिवारों ने बुधवार को पीएम के नाम का ज्ञापन डीएम कार्यालय में सौंपा। समस्या का जल्द निस्तारण न होने पर जलसमाधि लेने की धमकी भी दी है।
अखिल भारतीय बंगाली एकता मंच से जुड़े सुव्रत कुमार विश्वास ने बताया कि ब्रजघाट में स्थित गंगा नगर में पिछले 40 साल से हिंदू बंगाली परिवार बसे हैं। वर्ष 1986 में तत्कालीन विदेश मंत्री नारायण दत्त तिवारी ने विस्थापित भूमिहीन लोगों को गंगानगर में आवासीय और कृषि पट्टे दिए गए थे। वर्तमान में गंगानगर में 120 परिवार निवास करते हैं। जिनके मतदाता पहचान पत्र, राशन कार्ड भी बनवाए गए। लेकिन कुछ राजनीतिक षड्यंत्र के तहत उनसे मत देने का अधिकार वापस ले लिया गया और सरकारी सुविधाओं से भी वंचित कर दिया गया है। इतना ही नहीं इन परिवारों से जुड़ी भूमि को भी वन विभाग द्वारा अपना बताया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बंगाली परिवारों को प्रताड़ित न किया जाए और उनको सरकार द्वारा वोट डालने का अधिकार मिले, साथ ही सरकारी योजनाओं का भी लाभ दिलाया जाए। उन्होंने कहा कि यदि बंगाली परिवारों को इसी तरह से प्रताड़ित किया जाता रहेगा, तो वह अपनी इच्छा से जल समाधि ले लेंगे। इस मौके पर नितिन, दिलीप, अमर, समीर, शिवा, रमेश, विशांत, कमल, दीपक और मिथुन मौजूद रहे।