अब सालारपुर में दिखा तेंदुआ, ग्रामीणों में दहशत
गढ़मुक्तेश्वर। क्षेत्र के गांव सालारपुर में किसानों ने खेत पर जाने के दौरान गन्ने के खेत में तेंदुआ देखा, जिससे गांव के लोगों में हड़कंप की स्थिति बन गई है, सूचना पर मौके पर पहुंची वन विभाग टीम ने तेंदुए को तलाश किया लेकिन वह नहीं मिला।
स्याना रोड स्थित गांव सालारपुर के ग्रामीणों ने बताया कि बृहस्पतिवार को जब गांव के ही किसान धमेंद्र, धर्मपाल सिंह, सुरेंद्र अपने गन्ने के खेत में जा रहे थे, इसी दौरान उन्हें खेत में तेंदुआ दिखाई पड़ा, लेकिन किसानों को देख वह जंगल की तरफ भाग गया। सूचना मिलते ही किसान दहशत में आ गए और घर चले आए। वहां से एकत्र होकर लोग लाठी डंडे लेकर फिर से जंगल पहुंचे और तेंदुए की तलाश की, लेकिन कोई सुराग हाथ नहीं लग पाया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे वनक्षेत्राधिकारी करन सिंह समेत अन्य कर्मियों ने तेंदुए की तलाश की, लेकिन उन्हें भी कोई सुराग नहीं लगा। वन क्षेत्राधिकारी ने कहा कि कोई भी जंगल या खेत में काम करने अकेला न जाए, यदि जंगली जानवर गांव में है, तो गंभीर मामला है। यदि किसी को जंगली जानवर दिखता है, तो तुरंत वन विभाग की टीम को जानकारी दें।
बहादुरगढ़ क्षेत्र में घूम रहा तेदुंआ
तीन दिन पहले गांव आलमनगर के ग्रामीणों ने तेंदुए को एक पेड़ से उतरते हुए देखा था, जो ग्रामीणों को देख एक जंगल में छिप गया था। उसके बाद चांदनेर में भी कुछ किसानों ने खेत में तेंदुआ देखा और अब गांव सालारपुर में भी तेंदुआ दिखा है।
कोट-
बहादुरगढ़ क्षेत्र के तीन गांवों में तेंदुआ दिखाई देने की सूचना मिली है, इस पर टीम जांच कर रही है, लेकिन तेंदुए के पंजे के निशान नहीं मिले हैं, इसके बावजूद भी गश्त जारी रहेगी। - करन सिंह, वनक्षेत्राधिकारी
प्रशांत शर्मा