वैठ के जंगल में गोकशी कर रहे दो आरोपी पकड़े
गढ़मुक्तेश्वर। सिंभावली पुलिस ने गांव वैठ के जंगल में गोवंश कटान कर रहे दो तस्करों को गिरफ्तार किया है, जबकि उनके दो साथी फरार होने में कामयाब हो गए। तस्करों ने पुलिस टीम पर फायरिंग भी की। पुलिस ने मौके से मांस, पशु कटान के औजार, तमंचे, कारतूस बरामद किए हैं।
सीओ पवन कुमार ने बताया कि सोमवार की सुबह सिंभावली पुलिस क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इस दौरान गांव वैठ के जंगल में गोवंश के कटान की सूचना मिली। सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। जहां चार तस्कर गोवंश का कटान कर रहे थे, पुलिस को देखकर तस्करों ने तमंचे से फायर किया, जिससे बचते हुए पुलिसकर्मियों ने घेराबंदी करते हुए दो तस्करों को पकड़ लिया। जबकि उनके दो साथी अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गए। तलाशी लेने पर पुलिस टीम को मौके पर 140 किलो मांस, बांट, तराजू, समेत दो तमंचे, कारतूस बरामद हुए हैं। पकड़े गए दोनों आरोपियों ने अपने नाम शाहरुख व आमिर निवासी गांव वैठ बताए हैं। वहीं अपने फरार साथियों के नाम जावेद व हारून बताए हैं। चारों के खिलाफ पुलिस टीम पर हमला करने, गोवध अधिनियम समेत अन्य धाराओं के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई है। नमूने लेकर बाकी मांस को गड्ढ़ा खुदवाकर दबवा दिया गया है। गिरफ्तार तस्करों को अग्रिम कार्रवाई के लिए न्यायालय में पेश किया गया है। जिनके फरार साथियों की तलाश की जा रही है। संवाद