आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होेने पर परिवार ने किया पलायन
गढ़मुक्तेश्वर। सिंभावली क्षेत्र के गांव वैठ में जानलेवा हमले के पांच आरोपियों की एक माह बाद भी गिरफ्तारी न होने पर पीड़ित परिवार ने पलायन किया। वहीं घर पर मकान बिकाऊ का पोस्टर लगा दिया है।
गांव वैठ निवासी तैयब ने 12 जुलाई को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जिसमें उसने गांव के ही रहने वाले वसीम, सलीम, सद्दाम, शाहरूख, अमान, अय्यूब, साजिद पर घर में घुसकर जानलेवा हमला, बलावा, तोड़फोड़ करने का आरोप लगाया था। रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने दो आरोपियों वसीम और सलीम को गिरफ्तार कर लिया, लेकिन पांच आरोपी अभी भी पुलिस की गिरफ्त से दूर हैं। पीड़ित पक्ष का कहना है कि गिरफ्तारी न होने के चलते आरोपी पक्ष के लोग उन्हें भयभीत करते हुए मुकदमा वापस लेने पर दबाव बना रहे हैं। जिसके चलते वह और उसका परिवार डरे हुए हैं। आरोपियों के डर से तैयब व उसका परिवार घर छोड़कर मेरठ के लिए पलायन कर गए हैं। वहीं परिवार ने अपने घर पर मकान बिकाऊ का पोस्टर भी लगा दिया है। पीड़ित पक्ष ने आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की मांग भी उठाई है। सीओ पवन कुमार का कहना है कि इस मामले में दो आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। बाकी आरोपियों की तलाश भी की जा रही है, जिन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।