सोने की ईंट लूटने वाले तीन बदमाश पकड़े
गढ़मुक्तेश्वर। दिल्ली के सराफा कारोबारी के कर्मचारियों से सोने की ईंट लूटने के मामले में दिल्ली पुलिस ने गढ़ और हापुड़ निवासी तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए बदमाशों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित है।
दिल्ली पुलिस के डीएसपी मनीष चंद्रा ने बताया कि करोल बाग की गुरुद्वारा रोड पर 27 फरवरी को चार हथियारबंद बदमाशों ने दो कर्मचारियों से 2 किलो सोने की ईंट लूटी थीं। जांच के दौरान जानकारी मिली कि वर्ष 2014 में भी कुछ बदमाशों ने इसी तरह साढ़े सात किलो सोना लूटा था। जिसमें गढ़ निवासी बदमाशों को गिरफ्तार किया गया था। जो वर्तमान में जमानत पर बाहर आए हुए थे। दिल्ली पुलिस के अनुसार जांच में गढ़ निवासी प्रमोद यादव, दीपक और हापुड़ के मैनपाल उर्फ अतुल के नाम प्रकाश में आने के बाद पुलिस उनकी तलाश में जुट गई। जिन्हें गाजियाबाद और हापुड़ से गिरफ्तार किया गया है। तीनों बदमाशों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित है, वहीं इन पर हत्या, हत्या का प्रयास, डकैती, गैंगस्टर एक्ट समेत अन्य धाराओं में पहले से ही मुकदमे दर्ज हैं। सीओ पवन कुमार का कहना है कि इस संबंध में उन्हें कोई जानकारी नहीं है।