चेन पुलिंग होने पर रुकी इंटरसिटी एक्सप्रेस
गढ़मुक्तेश्वर। मुरादाबाद से दिल्ली जाने के दौरान गढ़ क्षेत्र में अज्ञात व्यक्ति द्वारा चेन पुलिंग की गई, जिससे इंटरसिटी एक्सप्रेस ट्रेन गढ़ के जंगल में पांच मिनट रुकी रही, मौके पर पहुंची आरपीएफ टीम ने जांच की, लेकिन कोई पकड़ में नहीं आया।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार की सुबह करीब सात बजे मुरादाबाद से दिल्ली जा रही इंटरसिटी एक्सप्रेस ट्रेन (14315) गढ़ क्षेत्र के गांव अल्लाबख्शपुर के सामने अचानक से रुक गई। जानकारी करने पर पता चला कि चेन पुलिंग होने के कारण ट्रेन रुकी है। जिससे ट्रेन करीब पांच मिनट के लिए जंगल के बीचोबीच रुकी रही। सूचना मिलते ही आरपीएफ चौकी प्रभारी आशीष कुमार टीम के साथ वहां पर पहुंचे, लेकिन वहां पर कोई भी व्यक्ति नहीं मिला। जिसके बाद ट्रेन वहां से रवाना हो गई। चौकी प्रभारी ने बताया कि अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ रेलवे एक्ट के अंतर्गत रिपोर्ट दर्ज की गई है, संबंधित मामले में उच्चाधिकारियों को भी जानकारी दे दी है। संवाद