संदिग्ध दशा में दूध कारोबारी लापता
गढ़मुक्तेश्वर। बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के गांव छतनौरा निवासी एक दूध कारोबारी संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। जिसकी कमीज और दूध की तीन केन सिंभावली क्षेत्र में नहर किनारे पड़ी मिली। कारोबारी के भाई ने सिंभावली थाने में तहरीर देकर सकुशल बरामदगी की मांग की है।
छतनौरा निवासी अमित कुमार ने शुक्रवार को सिंभावली थाने में तहरीर दी है। जिसने बताया कि उसका भाई मोहित (26 वर्ष)दूध का कारोबार करता है। जो बाबूगढ़, सिंभावली क्षेत्र के कई गांवों से दूध एकत्र कर एक डेयरी पर पहुंचाता है। अमित का कहना है कि 28 जुलाई की रात करीब साढ़े नौ बजे मोहित कार से दूध एकत्र करने के लिए सिंभावली क्षेत्र के गांव सिखैड़ा और हाजीपुर गया था, जो देर रात तक भी डेयरी और घर नहीं पहुंचा। जिसके चलते परिजनों को चिंता होने लगी। पीड़ित का कहना है कि परिजनों ने उसे हर संभावित स्थान पर तलाश किया, लेकिन कुछ पता नहीं चला। तलाश करने के दौरान शुक्रवार की सुबह उन्हें मोहित की कमीज और दूध की तीन केन नयाबांस व सिखैड़ा के बीच नहर के पास पड़े मिले। लेकिन मोहित, कार समेत अन्य सामान वहां भी नहीं थे। पीड़ित ने अनहोनी की आशंका व्यक्त करते हुए भाई की सकुशल बरामदगी की मांग की है। सिंभावली पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर अपहरण की धारा में रिपोर्ट दर्ज की गई है, युवक की तलाश की जा रही है। जिसे जल्द ही बरामद कर लिया जाएगा। संवाद