सड़क हादसे में कांविड़ये की मौत, साथी गंभीर
गढ़मुक्तेश्वर। कोतवाली क्षेत्र में स्याना ओवरब्रिज के निकट सड़क हादसे में एक कांवड़िये की मौत हो गई, वहीं उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके अलावा गांव सरूरपुर के निकट दो बाइकों की भिड़ंत में दो शिवभक्त गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का उपचार हापुड़ के अस्पताल में चल रहा है।
थाना हाफिजपुर क्षेत्र के गांव सादिकपुर निवासी गंगाराम का बेटा गोलू(38 वर्ष) मंगलवार को अपने साथी सोनू के साथ गंगानगरी ब्रजघाट से कांवड़ भरने के लिए बाइक से आ रहा था। नेशनल हाईवे पर गढ़ कोतवाली क्षेत्र में स्याना ओवरब्रिज के निकट हाईवे वनवे होने के कारण उनकी बाइक सामने से आ रही तेज रफ्तार दूसरी बाइक से टकरा गई। घटना में गोलू और सोनू गंभीर रूप से घायल हो गए। हाईवे पर कांवड़ियों की सेवा में तैनात पुलिसकर्मियों ने एंबुलेंस की मदद से दोनों घायलों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से चिकित्सकों ने गंभीर हालत देखते हुए दोनों को हापुड़ के लिए रेफर कर दिया। जहां देर शाम गोलू की उपचार के दौरान मौत हो गई। वहीं सोनू को आईसीयू में भर्ती किया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
वहीं पिलखुवा निवासी रामचंद्र और अभिषेक भी मंगलवार को गंगाजल लेकर ब्रजघाट से वापस लौट रहे थे। नेशनल हाईवे पर गांव सरूरपुर के निकट हुए हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। रामचंद्र और अभिषेक को भी चिकित्सकों ने हापुड़ के लिए रेफर कर दिया है, जहां उनका उपचार किया जा रहा है। संवाद