घर में घुसकर महिला से दुष्कर्म का प्रयास
गढ़मुक्तेश्वर। सिंभावली क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने पड़ोसी युवक पर घर में घुसकर दुष्कर्म के प्रयास का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
शनिवार को थाने में तहरीर देते हुए महिला ने बताया कि उसका पति बाहर नौकरी करता है, जिसके चलते वह घर में अकेली रहती है। शुक्रवार की रात वह घर में अकेली सो रही थी। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला एक युवक छत से होकर उसके घर में घुस आया। जिसने कमरे में घुसकर उसके साथ अश्लील हरकत करना शुरू कर दिया। जिससे उसकी आंख खुल गई, शोर मचाने पर आरोपी ने पिटाई करते हुए शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी और भाग निकला। महिला का कहना है कि आरोपी के भागने के बाद उसने 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी की तलाश भी की, लेकिन वह भाग निकलने में कामयाब हो गया। पीड़िता ने आरोपी को नामजद करते हुए कार्रवाई की मांग की है। सिंभावली पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच करते हुए युवक की तलाश शुरू कर दी गई है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। संवाद