ऑटो में हुक्का पीकर हुड़दंग करने वाले दो गिरफ्तार
गढ़मुक्तेश्वर। नगर में सड़क किनारे ऑटो में तेज आवाज में गाने बजाकर फ्लेवर हुक्का पी रहे युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया, वहीं ऑटो पर सीज की कार्रवाई की। सीओ पवन कुमार ने बताया कि शनिवार की रात को गढ़ कोतवाली प्रभारी निरीक्षक रघुराज सिंह क्षेत्र में शांति व्यवस्था को लेकर टीम के साथ गश्त कर रहे थे। जैसे ही वह गढ़ में मेला रोड पर पहुंचे तो सड़क किनारे एक ऑटो खड़ा दिखाई दिया, जिसमें तेज आवाज में गाने बज रहे थे। कोतवाली प्रभारी ने ऑटो में बैठे युवकों को हुक्का पीते हुए देख लिया, जो सड़क किनारे ऑटो में बैठकर हुड़दंग करते हुए खुलेआम धुआं उड़ा रहे थे। इस बीच युवकों के पास से एक हुक्का, कई तरह के फ्लेवर और अन्य उपकरण बरामद हुए। जिसके बाद पुलिस दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर कोतवाली ले आई। जहां पुलिस ने आरोपियों का ऑटो सीज कर दिया। वहीं आरोपी सतवीर और कमल निवासी नयागांव पर शांतिभंग के अंतर्गत कार्रवाई की।