नहर में डूबी किशोरी का शव तीन दिन बाद मिला
गढ़मुक्तेश्वर। सिंभावली क्षेत्र के गांव बड्ढा के निकट नहर में डूबी 16 वर्षीय किशोरी का शव तीन दिन बाद मिला। परिजनों की मांग पर बिना पोस्टमार्टम कराए शव उनके सुपुर्द कर दिया है। सिंभावली थाना क्षेत्र के गांव बड्ढ़ा निवासी महिपाल सिंह की 16 वर्षीय बेटी भारती उर्फ खुशी बृहस्पतिवार की सुबह घर में साफ-सफाई के बाद गांव के निकट स्थित मध्य गंग नहर में मंदिर की पूजा सामग्री व अन्य सामान डालने गई थी। सामान डालने के दौरान पैर फिसलने से किशोरी नहर में डूब गई। सूचना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर गोताखोरों की मदद से किशोरी की तलाश शुरू की। लेकिन शुक्रवार को भी कुछ पता नहीं चल सका। शनिवार की दोपहर तलाश के दौरान करीब ढाई बजे किशोरी का शव गांव नयाबांस के रेग्यूलेटर पर मिल गया। सिंभावली थाना प्रभारी राजपाल सिंह तोमर का कहना है कि परिजनों के अनुरोध पर बिना पोस्टमार्टम कराए पंचनामा भरकर उनके सुपुर्द कर दिया गया है।