पूर्व प्रधान तमंचे के साथ गिरफ्तार, कार की सीज
गढ़मुक्तेश्वर। बहादुरगढ़ पुलिस ने चेकिंग के दौरान तमंचे व कारतूस समेत पूर्व प्रधान को गिरफ्तार किया है। जिसके पास से बरामद कार को भी सीज किया गया है।
बहादुरगढ़ थानाध्यक्ष राजपाल सिंह तोमर ने बताया कि रविवार को पुलिस टीम क्षेत्र मे गढ़-स्याना रोड पर गांव सलापुर के पास पलवाड़ा मोड पर वाहन चेकिंग कर रही थी। चेकिंग के दौरान गांव पलवाड़ा की तरफ से आ रही एक तेज रफ्तार कार को रोकने की कोशिश की, तो चालक ने रफ्तार बढ़ाकर भागने की कोशिश की। लेकिन पुलिस टीम ने घेराबंदी कर कार रुकवा ली, जिसके बाद कार चालक की तलाशी ली गई, तलाशी में उसके पास एक तमंचा और चार कारतूस बरामद हुए हैं। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम जीशान निवासी गांव मंसूरपुर माफी थाना असमौली जनपद संभल बताया है। इंस्पेक्टर राजपाल सिंह तोमर ने बताया कि आरोपी कार के दस्तावेज नहीं दिखा सका। उन्होंने बताया कि जीशान गांव मंसूरपुर माफी का पूर्व प्रधान है। जिसके पास मौजूद तमंचे व कारतूसों को कब्जे में लेकर आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। दस्तावेज न होने के चलते कार को भी सीज कर दिया गया है। संवाद