अल्लाबख्शपुर टोल समाप्त करने की मांग
गढ़मुक्तेश्वर। नेशनल हाईवे पर गांव अल्लाबख्शपुर के निकट टोल को अवैध बताते हुए गढ़ बार एसोसिएशन गढ़मुक्तेश्वर ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपा है।
एसोसिएशन के अध्यक्ष चौधरी अशरफ अली और सचिव अनिल कुमार गौतम के नेतृत्व में शुक्रवार को अधिवक्ताओं ने पीएम के नाम एक ज्ञापन एसडीएम विजयवर्धन तोमर को सौंपा। जिसमें अधिवक्ताओं ने कहा कि समाज सेवी पंकज लोधी द्वारा गढ़मुक्तेश्वर नगरपालिका क्षेत्र के अंतर्गत लगे टोल प्लाजा को समाप्त कराने की मांग उठाई है, जोकि उचित एवं सराहनीय है। राष्ट्रीय राजमार्ग मंत्रालय के दिशा-निर्देश के अनुसार एक टोल प्लाजा से दूसरे टोल प्लाजा के मध्य 60 किलोमीटर की दूरी होनी चाहिए। वहीं नगरपालिका की सीमा से बाहर टोल स्थापित होना चाहिए, लेकिन हापुड़ जनपद में छिजारसी टोल प्लाजा से ब्रजघाट टोल और जनपद अमरोहा के जोया क्षेत्र में स्थित टोल प्लाजाओं के बीच की दूरी 60 किलोमीटर से कम है। जोकि राष्ट्रीय राजमार्ग मंत्रालय के दिशा-निर्देशों का उल्लंघन प्रतीत हो रहा है। एक ही दिशा में 60 किलोमीटर से कम दूरी में तीन टोल स्थापित करने से आम लोगों की जेब पर वित्तीय भार पड़ रहा है। वहीं अल्लाबख्शपुर टोल भी गढ़ पालिका क्षेत्र के बीच में स्थापित है। ज्ञापन सौंपने वालों में नैनपाल सिंह, विकास भारद्वाज, पवन कंसल, चौधरी शरियत अली, अभिषेक सिंह, विरेंद्र कुमार अग्रवाल, संदीप कुमार, संजीव कुमार चौहान, राजवीर सिंह, चौधरी धर्मेंद्र सिंह, श्रीनिवास सिंह, संजय कुमार, सुएब अली, राज जयंत, हरबीर सिंह, देवेंद्र, कुंवरपाल सिंह, विनय कुमार, दीपक कुमार, प्रदीप कुमार, सुरेंद्र, अनुज चौहान समेत अन्य अधिवक्ता शामिल रहे। संवाद