वर्ल्ड ब्राह्मण फेडरेशन ने एकजुटता पर दिया बल
गढ़मुक्तेश्वर। गढ़ नगर में आयोजित कार्यक्रम में ब्राह्मण समाज के लोगों को भगवान परशुराम का चित्र भेंटकर समाज की एकजुटता पर बल दिया गया।
गढ़ नगर में शनिवार को दुर्गा मंदिर पर वर्ल्ड ब्राह्मण फेडरेशन और गढ़ गंगा आदर्श तीर्थ पुरोहित समिति के संयुक्त तत्वाधान में ब्राह्मण समाज के लोगों को सम्मानित करने के लिए कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसकी अध्यक्षता तीर्थ पुरोहित संतोष कौशिक और संचालन कपिल नागर ने किया। मुख्य अतिथि के रूप में भाग लेते हुए वर्ल्ड ब्राह्मण फेडरेशन के प्रदेश महामंत्री गोपाल शर्मा समेत अन्य पदाधिकारियों ने समाज के लोगों को भगवान परशुराम के चित्र भेंट किए। उन्होंने कहा कि समाज के सभी लोगों को संगठित होने की आवश्यकता है। तभी समाज का उद्धार संभव है। कार्यक्रम संयोजक/नगराध्यक्ष रमन शर्मा और राजकुमार लालू ने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार द्वारा ब्राह्मण समाज के प्रति उदासीनता बरती जा रही है। इसके चलते समाज के लोग परेशान हैं। वहीं उन्होंने सभी से उच्च शिक्षा ग्रहण करने के साथ ही वेदों, पुराणों और उपनिषदों व धर्म ग्रंथों का अध्ययन करने का भी आह्वान किया। व्यापार मंडल नगराध्यक्ष मूलचंद सिंघल समेत अन्य लोगों ने समाजसेवियों को गंगाजली देकर व शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। इस दौरान केएम शर्मा, हरपाल शर्मा, जिलाध्यक्ष कुलदीप शर्मा, सचिन शर्मा, उमेश सेनरा, राजकुमार हिंदुस्तानी, विजय शर्मा, अनिल वाजपेयी, महेंद्र नारायण शुक्ला, टिंकू शर्मा, कौशल पांडयान, ओमवीर शर्मा, राजेश, श्यामसुंदर शर्मा, रेवती रमन शर्मा, बाबूराम, भीष्म त्यागी समेत अन्य लोग मौजूद रहे।